मधुबन। थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव में शुक्रवार देर शाम अनियंत्रित बाइक की चपेट में आने से 56 वर्षीय अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मधुबन में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया ।इलाज के दौरान घायल की जिला अस्पताल में मौत हो गई ।
गुलाब चंद्र यादव पुत्र स्व मुख लाल यादव गांव के मुख्य मार्ग पर टहल रहे थे कि तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दिया जिससे गुलाब गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने घायल व्यक्ति को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मधुबन में भर्ती कराया। सीएचसी के डॉक्टरों के रेफर करने पर घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां शनिवार की सुबह उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया । जिससे मौके पर उपस्थित लोगों की आंखें नम हो उठीं। वहीं मौत की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इस मामले में मृतक की पत्नी कौशल्या देवी की तहरीर पर पुलिस ने दुबारी निवासी राम मिलन गुप्त के खिलाफ संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है।