श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर समाजसेवी स्व. श्रीकांत सिंह की स्मृति में क्षेत्र के डुमरी मर्यादपुर स्थित इंदिरा गांधी पीजी कालेज के प्रांगण में गुरुवार को अंतर जनपदीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। शुभारंभ पूर्व विधायक अमरेश चंद पांडेय ने बलिया के केशरी राहुल पहलवान व वाराणसी के परविन्द से हाथ मिलवाकर किया।
कुश्ती प्रतियोगिता में आजमगढ़ ,जौनपुर ,बलिया ,मऊ ,गोरखपुर ,गाजीपुर ,वाराणसी के पहलवानों ने दांव पेंच का प्रयोग कर एक दूसरे को पटखनी दी। बलिया केसरी राहुल तथा वाराणसी के परविंद के बीच हुए कुश्ती कांटे की रही जो बराबरी पर छूटी। बलिया के मन्नु व मऊ के धनंजय, गोविंद वाराणसी व चंदन गोरखपुर ,गया जौनपुर व वैशाली गोरखपुर के पहलवानों के बीच कांटे की टक्कर के बाद कुश्ती बराबरी पर रहा। कुश्ती प्रतियोगिता में कुल 40 जोड़ी कुश्ती हुई। जिनमें अधिकांश कुश्ती बराबरी पर ही छूटी।
इस प्रतियोगिता मे पहलवानों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे पूर्व विधायक अमरेश चंद पांडेय ने कहा कि कुश्ती ,कबड्डी ,खोखो हमारे देश की धरोहर हुआ करती थी लेकिन आज इन खेलों का लोप हो रहा है। आयोजक राष्ट्र कुंवर सिंह ने कहा कि देश की इस धरोहर को संरक्षित करते हुए आयोजक मंडल के प्रयास से ऊंचाईयों के तरफ बढ़ाने में लगे हैं। वह दिन अब दूर नहीं कि कुश्ती प्रतियोगिता में आने वाले समय में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पहलवान दांव आजमाते हुए क्षेत्र को गौरव प्रदान करेंगे।
उत्तर प्रदेश केशरी तेजबहादुर सिंह, अंतराष्ट्रीय रेफरी रामबदन राय , बबलु सिंह ,मंता यादव ,गिरिवर मिश्रा को आयोजक मंडल ने पगड़ी भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रमोद रंजन सिंह ,राधेश्याम मिश्रा ,अजय कुवंर सिंह, कृपा शंकर सिंह ,अमित मिश्रा,डॉ. खालिद ,उबैदुल्ला आदि शामिल रहे। संचालन रमाकांत सिंह ने किया।