नदवासराय में बिजली के बकाया रुपए को लेकर जमीन पर बैठी महिला।
- फोटो : reasi news
घोसी। स्थानीय तहसील एवं वितरण खंड घोसी के नदवासराय में बुधवार दोपहर बकाया बिजली बिल नहीं जमा करने के विरोध में महिला सड़क पर बैठ गई। इस दौरान राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने महिला का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। करीब 20 मिनट तक मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति रही। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को समझा-बुझाकर शांत कराया।
सरायसादी निवासी दुर्गावती देवी ने बताया कि बकाया बिल के भुगतान के लिए संविदाकर्मी को तीन हजार रुपये दिए थे। लेकिन कई महीने बीत जाने के बाद भी बिल जमा नहीं किया। महिला को दौड़ाया जा रहा था। नाराज महिला संविदाकर्मी के घर के सामने घोसी–नदवासराय मुख्य मार्ग पर बीच सड़क पर धरने पर बैठ गई। महिला काफी देर तक संविदाकर्मी पर लापरवाही और धोखाधड़ी के आरोप लगाती रही। राहगीरों की भीड़ लग गई। लोगों ने महिला का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को समझा-बुझाकर शांत कराया। वहीं ग्रामीणों का कहना था कि इस तरह की घटनाएं संविदाकर्मियों की लापरवाही को उजागर करती है। वीडियो वायरल होने के बाद अब विद्युत निगम के अधिकारी पूरे मामले की दबाने में जुटे हैं।
कोट
महिला की ओर से दिए गए तीन हजार रुपये की रसीद काट दी गई है और शेष बिल जल्द जमा करने के लिए कहा गया है। संबंधित उपभोक्ता का बिजली कनेक्शन भी जोड़ा जा रहा है।
आशुतोष त्रिपाठी,जेई