पांच सड़क हादसों में शनिवार को एक महिला, अर्दली और बच्ची की मौत हो गई। जबकि पिता-पुत्र समेत सात लोग घायल हो गए। हादसों के क्रम में रानीपुर थाना क्षेत्र के खुरहट स्थित धर्मसीपुर नहर के पास दो बाइक की टक्कर में पति पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पत्नी की इलाज के दौरान मौत हो गई।
कोपागंज थाना क्षेत्र के चौबेपुर मठिया निवासी विवाहिता रिंकी राजभर (35) पति के साथ बाइक से मायके जा रही थी। धर्मसीपुर नहर से होकर राज्य राजमार्ग 34 पर पहुंचे थे कि मुहम्मदाबाद गोहना की तरफ से आ रही बाइक ने पीछे से टक्कर मार दी। घटना के बाद दोनों बाइक पर सवार चार लोग घायल हो गए। जब तक आसपास के लोग वहां पहुंचे तक तक पीछे से टक्कर मारने वाले बाइक वाले भाग गए। घायल दंपति को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल लाया गया। पति को प्राथमिक उपचार किया गया। जबकि उपचार के दौरान विवाहिता की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं महिला के मौत की जानकारी मिलते ही परिजन भी पहुंच गए। सभी का रो- रोकर हाल बेहाल था। मृतक को तीन बच्चे हैं।
बाइक की टक्कर से छह माह की बच्ची की मौत, मुकदमा
घोसी। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के मानिकपुर असना में शुक्रवार की दोपहर में मार्ग दुर्घटनाओं में छह माह की बच्ची का घटना स्थल पर ही मौत हो गई। मृत बच्ची के पिता की तहरीर पर एक बाइक के चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
देवकली विशुनपुर गांव निवासी अरुण कुमार शुक्रवार की दोपहर लगभग दो बजे पत्नी रजनी और छह माह की बच्ची रिया को लेकर महमदपुर गोलवा मांगलिक कार्यक्रम में जा रहे थे। मानिकपुर असना के पास सामने से सुल्तानपुर बनौरा गांव निवासी अतुल राय ने बाइक से टक्कर मार दी। इससे मां की गोद में बैठी बच्ची रिया की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर रात पिता की तहरीर पर बाइक चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया।
-
कार ने बाइक में मारी टक्कर, पिता पुत्र घायल
काछीकला गांव के पास शनिवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इसमें बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को सीएचसी कोपागंज में भर्ती कराया। पिता की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। काछीकला निवासी रामप्रीत (65) पुत्र परमहंस (25) को लेकर बाइक से पेंशन लेने बैंक जा रहे थे। अभी गांव से बाहर अभी कोपागंज भातकोल मार्ग पर पहुंचे थे कि सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों 10 मीटर दूर जा गिरे। घटना के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
-
पिकअप की टक्कर से वृद्ध महिला घायल
रानीपुर स्थानीय थाना परिसर से कुछ ही दूरी पर शनिवार की सुबह पिकअप ने ऑटो से उतर रही वृद्ध महिला को टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानीपुर में भर्ती कराया। हालत गंभीर देख डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कनकपुर गांव निवासी मुन्नी (60) ऑटो में बैठकर चिरैयाकोट से रानीपुर पहुंची। ऑटो से उतरकर सड़क पर जा रही थी कि तेज रफ्तार पिकअप उसे टक्कर मारते हुए सड़क किनारे पलट गई।