रतनपुरा। बलिया जनपद के बांसडीह निवासी छाया पांडेय पत्नी अरविंद पांडेय रतनपुरा रेलवे स्टेशन पर 15111 छपरा-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। वह अपने पति के साथ दवा लेने वाराणसी जा रही थीं। हादसे के बाद ट्रेन करीब 10 मिनट तक स्टेशन पर रुकी रही। बाद में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, दंपती वाराणसी जाने के लिए ट्रेन में सवार हो रहा था। रतनपुरा स्टेशन पर चढ़ते या उतरते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से छाया पांडेय फिसलकर ट्रेन के नीचे चली गईं। यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रेन रोकने का इशारा किया। इसके बाद यात्रियों ने महिला को बाहर निकाला। घायल छाया पांडेय को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुरा ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मऊ रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। चालक को सूचना दिए जाने के बाद ट्रेन करीब 10 मिनट तक स्टेशन पर रुकी रही और इसके बाद रवाना हुई।