सरायलखंसी थाना के रैकवारेडीह गांव में बेटे संग पानी की टंकी पर चढ़ी महिला। संवाद
मऊ। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के रैकवारेडीह गांव में सोमवार की सुबह 8 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अपने 13 साल के बेटे के साथ पानी की टंकी पर चढ़ गई।
महिला ने पति पर दूसरी शादी करने और उसे साथ नहीं रखने का आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद महिला और उसके बेटे को समझा-बुझाकर नीचे उतारा। इसके बाद दोनों को थाने ले जाया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि आजमगढ़ निवासी मंशा चौहान की करीब 15 वर्ष पहले सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बबुआपुर गांव के पंडितपुरा निवासी रामसमुझ से शादी हुई थी। दोनों का एक बेटा है। इसके बाद मंशा ने पड़ोस में रहने वाले चंदन चौहान से प्रेम विवाह कर लिया। दोनों करीब 10 वर्षों से आजमगढ़ जिले के सिधारी क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे थे।
पिछले वर्ष चंदन ने कथित तौर पर दूसरी महिला से शादी कर ली। इसके बाद मंशा के पास उसका आना-जाना कम हो गया। इसी से नाराज होकर सोमवार की सुबह मंशा अपने बेटे के साथ पानी की टंकी पर चढ़ गई और पुलिस से न्याय की मांग करने लगी।
पुलिस ने महिला और उसके बेटे को समझा-बुझाकर नीचे उतारा। पूछताछ में मंशा ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस का कहना है कि ग्रामीणों ने भी उसके बताए घटनाक्रम की पुष्टि की है। थाना प्रभारी ने बताया कि चंदन को थाने बुलाया गया है। यदि जांच में यह साबित होता है कि मंशा और चंदन का पहले विधिवत विवाह हुआ था, तो दूसरी शादी के संबंध में लागू कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।