मऊ। यातायात पुलिस हर रोज की तरह बृहस्पतिवार को नगर के विभिन्न चौराहे-तिराहे पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान भीटी चौराहे पर एक बाइक चालक को अपने पांच वर्षीय बेटे को हेलमेट पहनाकर जाते देखकर यातायात प्रभारी ने बाइक चालक को रोककर उसे यातायात नियमों का पालन करने के लिए सराहना की। साथ ही बाइक चालक के बेटे को चॉकलेट देकर उसका स्वागत किया।
यातायात प्रभारी श्यामसुंदर पांडेय ने बताया कि एसपी इलामारन जी के निर्देश पर वाहन चेकिंग अभियान के तहत नगर के भीटी चौराहा पर चेकिंग की जा रही थी। बताया कि इस दौरान उन्होंने रतनपुरा ब्लॉक के गहनी निवासी धर्मराज कुमार को खुद हेलमेट पहनने के साथ पांच साल के बेटे को भी हेलमेट पहने हुए देखा। रोककर बात करने पर धर्मराजकुमार ने बताया कि वह यातायात नियमों का पालन स्वयं करता हैं, साथ ही अभी से वह अपने बेटे केा भी इसके लिए प्रेरित कर रहा है।
50 चालकों का काटा चलान
यातायात प्रभारी श्यामसुंदर पांडेय ने बताया कि बलिया मोड़, गाजीपुर तिराहा, बहादुरगंज मोड़ सहित अन्य जगहों पर चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट का दो पहिया वाहन चलाने पर 50 चालकों का चालान किया गया। जबकि पांच दो पहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने पर कार्रवाई की गई। इस दौरान संजय, सौरभ, उमाकांत आदि पुलिसकर्मी मौजूद रहे।