प्राथमिक शिक्षा को बढ़ावा देने और स्कूलों में नामांकन बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को बीआरसी परिसर से स्कूल चलो अभियान के तहत रैली निकाली गई। रैली को एसडीएम अर्चना अग्निहोत्री ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में सैकड़ों की संख्या में बच्चे, प्रधानाध्यापक, शिक्षक और कर्मचारी शामिल हुए। बच्चों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर शिक्षा के महत्व को दर्शाते हुए विभिन्न स्लोगन और नारे लगाए।
रैली बीआरसी परिसर से शुरू होकर विजय स्तंभ चौक, स्टेशन रोड, गांधीनगर चौराहा, मऊ बाइपास रोड, इदारतगंज होते हुए पुनः बीआरसी परिसर में समाप्त हुई।
रैली के दौरान बच्चे ‘स्कूल चलो, नामांकन बढ़ाओ’, ‘पढ़ेगा इंडिया, तभी तो बढ़ेगा इंडिया’, ‘हर बच्चा स्कूल जाए’, ‘शिक्षा से देश संवारेंगे, हर बच्चे को पढ़ाएंगे’, ‘शिक्षा का दीप जलाएंगे’, ‘प्राथमिक शिक्षा मजबूत नींव, उज्ज्वल भविष्य की पहचान’ और ‘किताब-कलम साथ हो, सपना साकार हो’ जैसे नारे लगाते हुए चल रहे थे।
रैली स्थल पर संक्षिप्त संबोधन में एसडीएम अर्चना अग्निहोत्री ने कहा कि प्राथमिक शिक्षा छात्रों की बुनियाद होती है। जब बुनियाद मजबूत होगी, तो आगे शिक्षा का आधार भी मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि बच्चे राष्ट्र की धरोहर होते हैं।
उनको संभालना और शिक्षित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने सभी बच्चों का सरकारी स्कूलों में नामांकन कराएं।
इस अवसर पर सीमा सिंह, उषा मौर्य, प्रतिमा राय, धनंजय सिंह, शशिभूषण राय, राजेश कुमार, विजय सिंह, कमलेश कुमार, धनंजय गोंड, स्वतंत्र श्रीवास्तव, राजेश मिश्रा और ओमप्रकाश ओझा सहित सैकड़ों अध्यापक और शिक्षक मौजूद रहे।