लामी अंडरपास में जलभराव की समस्या को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों जलजमाव में धान की रोपाई कर विरोध
बोझी क्षेत्र के सियरही से नई बाजार को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर लामी अंडरपास में जलभराव की समस्या को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने अंडरपास में जमा पानी के बीच धान की रोपाई कर अपना विरोध जताया।
नाराज ग्रामीणों का कहना था कि बरसात के मौसम में अंडरपास पूरी तरह पानी से भर जाता है। इसी मार्ग से प्रतिदिन करीब 20 स्कूल बसें और मैजिक वाहन गुजरते हैं।
इस रास्ते के अलावा बड़े वाहनों के लिए कोई वैकल्पिक मार्ग नहीं होने से स्कूली बच्चों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ता है। पानी अधिक होने के कारण बच्चे अक्सर फिसलकर गिर जाते हैं, उनकी स्कूल ड्रेस खराब हो जाती है और कई बार वाहनों के इंजन में भी पानी घुस जाता है।
समस्या की लिखित और मौखिक शिकायत हर वर्ष संबंधित विभागीय अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों से की जाती है, लेकिन आज तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
ग्रामीणों ने कहा कि समस्या का समाधान अविलंब नहीं किया गया तो वे आंदोलन तेज करने को बाध्य होंगे। धान की रोपाई कर प्रदर्शन करने वालों में अजय यादव, बसंत चौहान, शैलेश चौहान, पिंटू यादव, रंजीत यादव, फूलचंद चौहान और संजय कुमार आदि शामिल थे।