कोपागंज। नगर पंचायत कुर्थीजाफरपुर के वार्ड नंबर पांच में सड़क के ऊपर कराए जा रहे नाली निर्माण ने शनिवार रात हुई तेज बारिश के दौरान लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी 20 से अधिक घरों में घुस गया। इससे लोगों के घर-गृहस्थी का सामान खराब हो गया और पूरी रात लोग पानी निकालने में जुटे रहे।
वार्डवासियों का आरोप है कि सड़क के ऊपर नाली का निर्माण कराए जाने के कारण पानी की निकासी प्रभावित हो गई है। तेज बारिश होते ही सड़क पर पानी जमा होने लगता है और आसपास के घरों में घुस जाता है। शनिवार रात भी तेज बारिश के बाद यही स्थिति बनी। लोगों ने किसी तरह घरों में घुसे पानी को बाहर निकाला।
जलभराव से प्रभावित लोगों में हाजी सलाहुद्दीन मरहूम, रशीद अहमद, बशीर अहमद, शमशाद अहमद, मुज्तबा, शम्सुद्दीन साईं, मौलवी मुख्तार, मोहम्मद खालिक, मो. मोबीन, उमर मरहूम, हफीजुर्रहमान, सिबगतुल्लाह मरहूम, मौलवी अंजर, मुहम्मद शोएब, शफीक अहमद, अल्ताफ अहमद, शकील अहमद, अब्दुर्रहमान, मुहम्मद असलम, मुहम्मद, शमसुलहोदा, मुहम्मद हकीम, मुहम्मद नईमुर्रहमान, खुर्शीद अहमद, मुहम्मद शाहिद और मसूद आलम मरहूम समेत अन्य लोग शामिल रहे।
परेशान वार्डवासियों ने नगर पंचायत कार्यालय में शिकायती पत्र देकर नाली निर्माण में हुई तकनीकी खामी को दूर कराने और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है। ईओ देवेश मिश्रा ने बताया कि ऐसी शिकायत नहीं मिली है। मामला गंभीर है। इसकी जानकारी लेकर समाधान कराया जाएगा।