मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। तहसील क्षेत्र के बरहदपुर गांव में अंडरपास को लेकर ग्रामीणों का धरना शुक्रवार को 15वें दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर भारी संख्या में महिला और पुरुष शामिल रहे। धरना दे रहे ग्रामीणों का कहना है कि जब तक रेलवे और जिला के जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी अंडरपास के संबंध में कोई संतोषजनक आश्वासन नहीं देंगे तब तक धरना जारी रहेगा। धरना का नेतृत्व कर रहे ग्राम प्रधान कन्हैया सिंह ने बताया कि बरहदपुर गांव की आबादी सड़क के दोनों तरफ है। इसके लिए एक छोटा सा डगरा बनाया गया था जिससे ग्रामीण एक तरफ से दूसरी तरफ आसानी से आते जाते हैं। कुछ माह पहले रेल प्रशासन द्वारा उक्त डगरा को तोड़कर एंगल लगाकर बन्द कर दिया गया है।
बताया कि गांव की ज्यादातर आबादी रेलवे के दक्षिण तरफ आबाद है। यहां से सभी लोगों का स्कूल, कॉलेज, तहसील, जिला व कमिश्नरी आदि कार्यालयों पर आना जाना होता है। रास्ता बंद होने के आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। सबसे अधिक परेशानी खेती बारी को लेकर होती है। खेत की जुताई के लिए ट्रैक्टर आदि निकालने का कोई साधन ना होने से सभी ग्रामीणों को दुश्वारियां का सामना करना पड़ रहा है।
तीसरे दिन भी धरना जारी
मुहम्मदबाद गोहना। क्षेत्र के केरमा गांव में जाने वाले रास्ता के रेल समपार को भी रेल विभाग द्वारा बंद किए जाने के आदेश के बाद वहां के ग्रामीण भी धरना दे रहे हैं। धरना के तीसरे दिन शुक्रवार को सैकड़ों की संख्या में ग्राम वासी धरना स्थल पर बैठे रहे। हालांकि रेलवे प्रशासन द्वारा 30 दिसंबर को उक्त समपार को बंद किए जाने का आदेश दिया गया था लेकिन उच्च न्यायालय में मामला विचाराधीन होने की जानकारी पर रेलवे ने अपना यह कार्यक्रम टाल दिया है। रेल विभाग की कार्यवाई की आशंका पर ग्रामीण वहां धरने दे रहे हैं। धरने का नेतृत्व कर रहे केरमा ग्राम प्रधान प्रतिनिधि दिनेश राय ने बताया कि रेलवे अधिकारी अगर मौके का अवलोकन करें तो उनको समस्या का सही ढंग से पता चल सकेगा। अलाउद्दीनपट्टी गॉव के पूर्व प्रधान महेंद्र यादव ने भी उक्त समपार को बंद करने के विरोध में धरना का समर्थन किया है।