कोपागंज थाना क्षेत्र के शहरोज मोड़ के पास शुक्रवार देर रात सड़क किनारे खड़ी पिकअप को एक वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में पिकअप के ऊपर सो रहे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायल की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान गोरखपुर जिले के खोड़ा थाना क्षेत्र निवासी आकाश यादव के रूप में हुई है। वह पिकअप वाहन से सामान लेने गाजीपुर जा रहा था। शहरोज मोड़ के पास पिकअप का धुरा टूट जाने के कारण उसे सड़क किनारे खड़ा करना पड़ा था।
आकाश मिस्त्री का इंतजार करते हुए पिकअप के ऊपर सो गया था, जबकि उसका साथी विशाल यादव चालक केबिन में बैठा था। रात करीब 1:30 बजे अज्ञात वाहन ने पिकअप में जोरदार टक्कर मारी, जिससे आकाश नीचे गिर गया और पिकअप उसके ऊपर पलट गई।
इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विशाल यादव घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पिकअप के नीचे से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना प्रभारी राकेश रोहन ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से वाहन की तलाश कर रही है।