गाजीपुर। गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (जीडीसीए) की ओर से आयोजित क्रिकेट लीग के पहले नॉकआउट मुकाबले में वेदांत क्रिकेट क्लब मऊ ने यंग स्टार-बी को 297 रन के बड़े अंतर से शिकस्त दी।
सोमवार को स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय के जीडीसीए मैदान पर खेले गए मुकाबले में मऊ की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 373 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में यंग स्टार-बी की पूरी टीम 76 रन पर सिमट गई।
एसोसिएशन के अध्यक्ष शाश्वत सिंह ने बताया कि टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेदांत क्रिकेट क्लब मऊ की टीम ने निर्धारित 40 ओवर में सात विकेट खोकर 373 रन बनाए। टीम की ओर से अंकित पांडेय ने 64 गेंदों पर 94 रन की शानदार पारी खेली, जबकि आर्यन राव ने 76 गेंदों पर 85 रन बनाए। यंग स्टार-बी की ओर से अमित कुमार यादव ने तीन, आयुष कुमार यादव ने दो और सैयद मेहंदी इमाम ने एक विकेट लिया। संवाद