मऊ। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर नगर पालिका ने तैयारी तेज कर दी है। घाटों के कायाकल्प के बाद अब नगर पालिका ने घाटों के आसपास और अमृत सरोवर के तहत चिह्नित तालाबों के किनारे सफाई अभियान शुरू कर दिया है। व्रतियों को घाट तक पहुंचने में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए टूटे रास्तों की मरम्म्त कराई जाएगी।
ईओ डॉक्टर मणिभूषण तिवारी ने बताया कि नगर पालिका ने सफाई के लिए दो विशेष टीमें गठित की हैं। इन टीमों की मॉनिटरिंग खुद अधिशासी अधिकारी (ईओ) कर रहे हैं। टीमें सुबह-शाम घाटों पर सफाई कर रही हैं। घाटों पर जमा कूड़ा-कचरा हटाने के साथ झाड़ियों की कटाई, घास की सफाई और चूना छिड़काव का काम चल रहा है।
ईओ का कहना है कि छठ से पहले सभी घाटों को पूरी तरह साफ-सुथरा कर दिया जाएगा। घाटों पर पानी में उतरने के लिए सीढ़ियों की मरम्मत, बैरिकेडिंग और लाइटिंग की व्यवस्था भी की जा रही है।