यूपी बोर्ड हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा केंद्रों में इस वर्ष फर्जी परीक्षार्थियों का प्रवेश आसान नहीं होगा। बोर्ड की तरफ से परीक्षा को नकल मुक्त कराने के लिए इस वर्ष नया नियम लागू किया गया है। परीक्षार्थी को प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड भी ले जाना होगा।
इसके बिना परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। जिला विद्यालय निरीक्षक ने जिलेे के समस्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पत्र जारी किया है।
यूपी बोर्ड हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा 18 फरवरी से शुरू होगी, लेकिन परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने की तैयारी तेजी से चल रही है। परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिले में 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में 76408 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
तमाम चेकिंग के बाद कई परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश पत्र में फोटो ीकी हेराफेरी कर फर्जी परीक्षार्थी प्रवेश कर लेते हैं। इस वर्ष फर्जी परीक्षार्थियों पर नकेल कसने के लिए बोर्ड की तरफ से इस बार नए नियम बनाए गए हैं।
जारी नए दिशा-निर्देशों के मुताबिक अब विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए केवल प्रवेश पत्र दिखाना ही काफी नहीं होगा। उन्हें अपने साथ आधार कार्ड या अपार आईडी की मूल प्रति रखना अनिवार्य कर दिया गया है।
परीक्षा केंद्र के मेन गेट पर ही प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड या अपार आईडी की मूल प्रति दिखाना होगा।
बोर्ड परीक्षा को हर हाल में नकलविहीन संपन्न कराया जाएगा। सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को दिशा निर्देश जारी किया गया है।
- गौतम प्रसाद, जिला विद्यालय निरीक्षक