मऊ। कोरोना संक्रमण के रोकथाम के लिए शासन से लगाए गए लाक डाउन में लोगों की सहुलियत देख एक मानक के अनुसार बाजारों को खोलने का आदेश जारी किया गया। मानक में फिट बैठने पर मऊ जिले की दुकानों को मंगलवार को शर्तो के साथ खुलने की अनुमति जिला प्रशासन ने जारी की। लेकिन पहले ही दिन शर्तो की अनदेखी कर लोग सड़कों पर नजर आए। इस दौरान जहां सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ी, वहीं अधिकांश दुकानों पर ना तो सैनिटाइजर नजर आया और नाही मार्टो पर थर्मल स्क्रीनिंग का कोई साधन दिखा। हालांकि शाम सात बजते बजते दुकानों के शटर गिर गए। इसके बाद सड़कों पर पुन: सन्नाटा छा गया।
कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रकोप को देेखते हुए बीते 28 अप्रैल को प्रदेश सरकार ने लाक डाउन का आदेश जारी किया। इस दौरान सिर्फ आवश्यक वस्तु की दुकानें सुबह सात से पूर्वाह्न ग्यारह बजे तक खुलती थी। इस तरह से शासन ने एक नई गाइड लाइन जारी किया, इसके तहत उन जिलों में अनलॉक करने का निर्णय लिया गया, जहां कोरोना संक्रमितों की संख्या 600 से कम हो। इस क्राइटेरिया में आने के कारण मऊ जिले में भी एक जून से अनलॉक किया गया। लेकिन शासन ने अनलॉक में कुछ शर्तो का अनुपालन अनिवार्य किया, इसके तहत दुकानों पर सोशल डिस्टेसिंग का पालन कर मास्क का उपयोग करने का कहा था।
सुबह सात से शाम सात बजे के बीच दुकानों को खुलना, मार्ट पर थर्मल स्क्रीनिंग के साथ सैनिटाइजर की व्यवस्था होना अनिवार्य किया गया था। इन व्यवस्थाओं पर नजर रखने के लिए शहर में डीएम ने सिटी मजिस्ट्रेट को, ग्रामीणांचल में एसडीएम और थानाध्यक्षों को आदेश दिया था। लेकिन पहले दिन बाजारों में पहुंचे ग्राहकों में अधिकांश के चेहरे पर मास्क नही था। इसके अलावा सैनिटाइजर का दूर दूर तक पता नही था। इसबीच दोपहर में बरसात होने पर लोग भिगने से बचने के लिए दुकानों या फिर किसी छप्पर के नीचे गए, यहां पर सोशल डिस्टेंसिंग तार तार हुई। कई दुकानों पर भी सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ी। मार्टो पर शासन से जारी गाइड लाइन नहीं नजर आई। हां शाम के सात बजते बजते दुकानों के शटर जरूर गिर गए थे। इस दौरान सड़कों पर सन्नाटा छा गया।
वहीं चिरैयाकोट में कोरोना संक्रमण की रोक थाम के लिए कई दिनों से सरकार द्वारा लगाई गई लाक डाउन के बाद मंगलवार को दी गई छूट में बाजार में खुली दुकानों का जायाजा लेने प्रशासनिक अमला बाजार में पहुुंचा। शाम चार बजे जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल, पुलिस अधीक्षक घुले सुशील एडीएम राम भवन तिवारी स्थानीय पुलिस अधिकारियों के साथ बाजार में पहुंचे।
डीएम ने अधिकारियों के साथ बाजार का पैदल भ्रमण किया। इस दौरान अधिकारीयो ने सरकारी बस स्टाप, चौक, वलीनगर खरीहानी तिराहा, बड़हलगंज नहर पुलिया आदि स्थानों पर खुली दुकानों के दुकानदारों के चेहरों पर मास्क व काउंटर पर सैनिटाइजर न पाए जाने पर नाराजगी जताई। साथ ही लुंज पुंज व्यवस्था पाये जाने पर उपजिलाधिकारी और स्थानीय पुलिस पर नाराजगी जताते हुए उनको निर्देशित किया कि वह लोगों से कोविड प्रोटोकाल का कड़ाई से पालन करवाएं।
न मानने पर उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही सुनिश्चित करें। इस दौरान स्थानीय पुलिस और नगर पंचायत ईओ मनोज कुमार ने 10 दुकानदारों का चालान भी किया । साथ ही उन्हे निर्देशित किया कि वह पटरी तक दुकानें न लगाएं, खुले में खाद्य पदार्थो को न रखें, ग्राहकों को दुकान से और उनमें दो गज की दूरी बनाए जाने के बाद ही सामानों की बिक्री करें। दुकानों में ग्राहकों को बैठाकर किसी भी रूप से भीड़ न लगाएं।
उधर, महामारी के मद्देनजर मंगलवार को पुलिस प्रशासन द्वारा 28 बैरियर प्वाइंट पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान एक व्यक्तियों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर गिरफ्तार करने के साथ 1283 वाहनों की जांच की गई। जिसमें 105 वाहनों का चालान किया गया। वहीं बिना मास्क लगाए घूम रहे 141 लोगों का चालान कर 81 हजार 300 रुपये जुर्माना वसूल किया गया।