मऊ। चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के सुल्तानीपुर के पास सोमवार को बेकाबू पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अनियंत्रित बाइक सड़क से गुजर रहे राहगीर से टकरा गई। हादसे में बाइक चालक सहित तीन लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, हादसे के बाद पिकप चालक वाहन सहित फरार हो गया।
गाजीपुर जिले के भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र के बिंद्रावन गांव निवासी सोनू विश्वकर्मा (45) पुत्र रणधीर विश्वकर्मा सोमवार को अपने साथी विजय विश्वकर्मा (30) पुत्र रामविलास के साथ मुहम्मदाबाद गोहना की तरफ से चिरैयाकोट आ रहा था। अभी वह चिरैयाकोट-मुहम्मदाबाद गोहना मार्ग स्थित सुल्तानीपुर के पास पहुंचा था कि सामने से आ रहे पिकअप चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक अनियंत्रित होकर पैदल जा रहे राहगीर कुबेर (30) पुत्र सवरू निवासी सुल्तानीपुर से टकरा गई। हादसे में बाइक चालक सोनू विश्वकर्मा और उसका साथी तथा पैदल राहगीर घायल हो गए। सूचना के बाद थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र ने घायलों को रानीपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया, जहां सभी को इलाज किया गया।