रतनपुरा के हलधरपुर थाना क्षेत्र के हलधरपुर बाजार में बुधवार की सुबह एक बेकाबू कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार चालक सहित पांच लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक महिला की गंभीर हालात देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि बुधवार की सुबह खाद से लोड एक ट्रक हलधरपुर बाजार में सड़क किनारे खड़ा था। बुधवार की सुबह करीब छह बजे बलिया से मऊ की तरफ जा रही तेज गति की कार हलधरपुर बाजार पहुंची। इसी दौरान सामने से एक ट्रैक्टर ट्रांली को आता देखकर कार चालक ने कार को दाहिनी तरफ मोड़ लिया। जहां कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ट्रक से जा टकराई। घटना के बाद घायलों की चीखपुकार सुनकर कुछ दूरी स्थित हलधरपुर थाने के पुलिसकर्मी घटनास्थल पहुंचे। जहां कार में सवार पांचों घायलों को निकालकर रतनपुरा सीएचसी लाकर भर्ती कराया। यहां महिला यात्री की हालात गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।