जिले में बृहस्पतिवार को अलग-अलग स्थानों पर चीनी मांझे की चपेट में आकर तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक और स्कूटी सवारों के चेहरे और नाक पर गहरी चोटें आईं।
पहली घटना गुरुवार शाम थाना कोतवाली क्षेत्र के मुंशीपुरा ओवरब्रिज पर हुई। शहर की ओर जा रहे बाइक सवार राहुल शर्मा अचानक चीनी मांझे की चपेट में आ गए। मांझा इतनी तेजी से उनके चेहरे पर लगा कि बचाव के प्रयास के बावजूद उनके चेहरे पर गहरा कट लग गया।
घायल राहुल शर्मा ने बताया कि अगर थोड़ी भी चूक होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। दूसरी घटना सरायलखंसी थाना क्षेत्र की है। बकवल गांव निवासी 20 वर्षीय मान्या सिंह पुत्री बबलू सिंह स्कूटी से जा रही थीं। इसी दौरान चाइनीज मांझा से चेहरे कट गया।
तीसरी घटना में बुनकर कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय आमिर पुत्र शमीम की नाक चीनी मांझे से कट गई, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गए।