यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा बुधवार को कड़ी सुरक्षा के बीच वॉयस रिकॉर्डरयुक्त सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संपन्न हुई। प्रथम पाली में हाईस्कूल संगीत गायन और इंटरमीडिएट वाणिज्य तथा द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट अरबी की परीक्षा हुई।
दो छात्राओं ने संगीत गायन और एक छात्रा ने अरबी की परीक्षा दी। बालकों ने ये विषय नहीं चुना था। सभी परीक्षा केंद्रों की जिलास्तरीय कंट्रोल रूम सहित त्रिस्तरीय ऑनलाइन निगरानी की जा रही थी। परीक्षा में 290 के सापेक्ष 284 परीक्षार्थी शामिल हुए।
पहली पाली में हाईस्कूल संगीत गायन और इंटरमीडिएट व्यवसायिक वाणिज्य की परीक्षा सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक 17 परीक्षा केंद्रों पर हुई। परीक्षा में हाईस्कूल संगीत गायन में बालक शून्य और बालिका दो शामिल हुईं, जबकि इंटरमीडिएट वाणिज्य में बालक 238 और बालिका 49 सहित कुल 289 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 282 परीक्षा में शामिल हुए।
दूसरी पाली में इंटरमीडिएट अरबी की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक हुई। इस पाली में इंटर अरबी में पंजीकृत बालक शून्य और बालिका एक परीक्षा में शामिल हुई।
परीक्षा केंद्रों के बाहर एसटीएफ और एलआईयू की टीमें निगरानी कर रही थीं। जनपदीय पर्यवेक्षक भी भ्रमण कर परीक्षा केंद्रों पर नजर बनाए हुए थे।