सरायलखंसी थाना क्षेत्र के पलिगढ़ हाल्ट और महासों रेलवे क्रासिंग के बीच रेलवे ट्रैक के किनारे गैंग रेप के प्रयास में फेंकी गई महिला के मामले में जीआरपी ने सोमवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। घटना में शामिल तीसरे अभियुक्त की पुलिस तलाश कर रही है। इसका खुलासा सोमवार को पुलिस अधीक्षक रेलवे सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने रेलवे स्टेशन जीआरपी थाने पर आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान किया।
जौनपुर जनपद के शाहपुर थाना क्षेत्र के बरउत गांव निवासी रीता पत्नी रानू पलीगढ़ और महासों रेलवे क्रासिंग के बीच खानपुर गांव के समीप ट्रेन से गिरकर रेलवे ट्रैक के किनारे 18 सितंबर की सुबह बेहोश पड़ी मिली थी। रात में ट्रेन की चपेट में आने से उसका एक पैर कट गया। आसपास के लोगों ने उसे उठाकर जिला अस्पताल भेजवाया था। महिला के साथ गैंगरेप की आशंका पर प्रशासन के हाथ-पांव फूलने लगे थे। होश में आने पर महिला ने बताया कि उसके साथ ट्रेन में तीन लोगों ने गैंगरेप का प्रयास किया था। विरोध करने पर दरिंदों ने उसे ट्रेन के नीचे धकेल दिया था, इससे उसका एक पैर कट गया था। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक रेलवे सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज सिंह ने बताया कि घटना के बाद डीपीजी रेलवे गोपाल गुप्ता के निर्देश पर मामले के खुलासे के लिए कई टीमों का गठन किया था। कई थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटरों, सक्रिय अपराधियों एवं वेंडरों से पूछताछ के बाद मुखबिर की सूचना पर रविवार की शाम पुलिस ने पप्पू राम पुत्र बाबू राम निवासी जफरपुर दुल्लहपुर जनपद गाजीपुर को दुल्लहपुर से एवं विपिन शर्मा उर्फ गुड्डू शर्मा निवासी गोविंद जखनिया थाना भुड़कुड़ा जनपद गाजीपुर को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों ने स्वीकार किया कि वह उसके साथ बलात्कार करना चाहते थे लेकिन विरोध करने पर गेट के समीप आ गई। इस बीच उन्होंने उसे धक्का दे दिया। बताया कि उनके साथ इस घटना में मोती मौर्य पुत्र सुरेश मौर्य निवासी गोविंद जखनियां कोईरान थाना भुड़कुड़ा भी शामिल था। पुलिस इसकी अभी तलाश कर रही है। घटना के खुलासे में शामिल सीओ तनवीर अहमद, सुधीर कुमार सिंह, राजीव, हरेश, रंजीत पांडेय, सत्यप्रकाश, तौसीफ खां, संजय सिंह, अनिल कुमार, विपिन पांडेय, कुंदन, नथुनी को पुलिस अधीक्षक ने पुरस्कृत करने की घोषणा की।