घोसी। कोतवाली क्षेत्र के लाखीपुर विद्यालय स्थित हाइवे के पास बुधवार दोपहर में गोरखपुर जा रही अर्टिगा कार में विपरित दिशा से आए ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसा के समय ट्रक की गति इतनी तेज थी कि अर्टिगा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार दो महिला सहित छह लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
वाराणसी के नाटी इमली निवासी विनोद सिंह 66 परिवार के संजय 40, कैलाश सिंह67, रंजना सेठ 58, अनिल कुमार सेठ 60 और स्वाति 30 के साथ गोरखपुर में शादी में शामिल होने के लिए निकले थे। उनकी कार घोसी के लाखीपुर स्कूल के पास पहुंची थी कि अचानक बीच सड़क से उल्टी दिशा से आए ट्रक ने कार में सामने टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गया। वहीं घायलों की चीख पुकार सुनकर आस पास के लोग आए और कार से बाहर निकालकर पुलिस और एंबुलेंस केा सूचना दी। सूचना पर घोसी कोतवाल राजकुमार सिंह भी पहुंचे और घायलों को घोसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाकर भर्ती कराया, यहां चिकित्सकों ने हालात गंभीर देखकर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।