मऊ। भटनी और सलेमपुर के बीच रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने से बुधवार की सुबह की कई गई ट्रेनें चार से पांच घंटे लेट अपने गंतव्य तक पहुंची। दो ट्रेनों को रोक दिया गया। जबकि पूर्वांचल एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग से भेजा गया। इस दौरान स्टेशन पर सुबह से ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों को परेशानी हुई। भटनी-वाराणसी रेलखंड पर स्थित सलेमपुर रेलवे स्टेशन से एक किलोमीटर पहले तेज हवा और बारिश से एक पेड़ रेलवे ट्रैक पर गिर गया। सूचना मिलते ही सभी रेलवे स्टेशनों और उस समय वहां से गुजरने वाली सभी ट्रेनों के लोको पायलटों को अलर्ट कर दिया गया।
वाराणसी और गोरखपुर की ओर से मऊ आने वाली सुबह की सभी ट्रेनें जहां तहां रोक दी गईं। पेड़ हटाने के बाद ट्रेनों का आवागमन शुरू हुआ। मार्ग व्यस्त होने के कारण सप्ताह में गोरखपुर से कोलकाता जाने वाली पूर्वांचल एक्सप्रेस (15050) को भटनी से सिवान के रास्ते छपरा भेजा गया। मुंबई लोकमान्य तिलक से कानपुर, गोरखपुर के रास्ते आजमगढ़ चलने वाली आजमगढ़ सुपरफास्ट एक्सप्रेस (20103) को गोरखपुर में ही रोक दिया गया। वहीं रोजाना बनारस से गोरखपुर जाने वाली बनारस-गोरखपुर पैसेंजर को मऊ जंक्शन पर रोक दिया गया।
कृषक एक्सप्रेस पांच घंटे देर से पहुंची
इसके साथ ही काशी एक्सप्रेस निर्धारित समय 8:35 बजे से 4 घंटे पांच मिनट लेट दोपहर 12:40 बजे मऊ पहुंची। लखनऊ से वाराणसी जाने वाली कृषक एक्सप्रेस (15008) निर्धारित समय सुबह 9:50 बजे से पांच घंटे दो मिनट लेट दोपहर 2:52 बजे मऊ पहुंची। गोरखपुर से मुंबई जाने वाली गोदान एक्सप्रेस (11056) छह घंटे लेट मऊ पहुंची। प्रयागराज से आने वाली बापूधाम एक्सप्रेस दो घंटे देर से पहुंची।