मऊ। नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में बुधवार की सुबह बारिश हुई। कभी तेज तो कभी रुक-रुक कर बारिश होती रही। इस बीच नगर स्थित जिला अस्पताल से लेकर कचहरी मोड़ तक नाला निर्माण के दौरान खोदी गई मिट्टी सड़क की पटरी पर छोड़ने से जाम का कारण बन रही है।
जिला अस्पताल गेट पर मिट्टी का ढेर होने से जिला अस्पताल गेट पर फिसलन होने से मरीजों और तीमारदारों सहित आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान मिट्टी सड़क पर बह जाने से फिसलन बढ़ गई है। इससे राहगीर और वाहन चालक गिरकर चोटिल हो जा रहे हैं। वहीं दिन भर जाम की स्थिति रह रही है। नगरपालिका की तरफ से जिला अस्पताल से कचहरी मोड़ तक नाला निर्माण कार्य चल रहा है। कार्यदायी संस्था की तरफ से नाला निर्माण के दौरान खोदी गई मिट्टी सड़क की पटरी पर रखकर छोड़ने से आम लोगों की परेशानी बढ़ती ही जा रही है।
जिला अस्पताल के मेन गेट के पास मिट्टी का ढेर लगाकर छोड़ दिया गया है। बारिश के दौरान मिट्टी बहकर सड़क पर आ गई है। इसके चलते फिसलन बढ़ गई है। इससे राहगीर, मरीज, तिमारदार सहित आम लोगों को आने जाने के दौरान लोगों को तमाम समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। बुधवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और 16 डिग्री सेल्सियस रहा। आद्रता 90 प्रतिशत रही। जबकि 24 किमी की रफ्तार से हवा चल रही थी। बारिश के चलते नगर के भीटी, निजामुद्दीनपुरा, मुशीपुरा, रघुनाथपुरा, महरनिया सहित निचले इलाकों मेें जलभराव के चलते लोगों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ा।