मऊ। जनपद में पंजीकृत हजारों वाहन स्वामियों पर संभागीय परिवहन विभाग का करोड़ों रुपये का टैक्स बकाया है। जिसकी वसूली के लिए परिवहन विभाग काफी गंभीर नजर आ रहा है। इसके लिए उप संभागीय परिवहन अधिकारी ने सभी बकाएदारों को नोटिस जारी किया है। नोटिस के बाद इनके विरूद्ध विभाग की तरफ से अग्रिम कार्रवाई के मूड में है। परिवहन विभाग ने 455 टैक्स बकाएदारों की आरसी जारी कराया है।
उप संभागीय परिवहन विभाग का जनपद में पंजीकृृृृृृत हजारों वाहन स्वामियों पर करोड़ों रुपये का टैक्स बकाया है। टैक्स भुगतान के लिए विभाग द्वारा बार-बार चेतावनी देने और कार्रवाई करने के बाद भी भुगतान नहीं किया जा रहा है। जिससे विभाग राजस्व वसूली में पिछड़ता जा रहा है। समय-समय पर समीक्षा बैठक में उच्च अधिकारियों द्वारा राजस्व वसूली का मानक पूरा करने के निर्देश दिए जाते हैं।
बावजूद इसके उप संभागीय परिवहन विभाग के राजस्व बकाए की वसूली समय से नहीं हो पा रह है। विभागीय आंकड़ों पर नजर डाली जाए तो विभाग के बड़े बकाएदार वाहनों की संख्या 1895 है, तथा वाहनों की बकाया धनराशि दो करोड़ से अधिक की है। वर्तमान में विभाग राजस्व वसूली को लेकर काफी गंभीर दिखाई दे रहा है। विभाग ने वाहन स्वामियों को सख्त चेतावनी दी है कि वह बकाया जमा नहीं करते हैं तो विभाग वसूली के लिए वैधानिक कार्रवाई करेगा।
एआरटीओ प्रशासन रमेशचंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि बकाया जमा करने के लिए 455 वाहन स्वामियों को राजस्व वसूली को लेकर आरसी जारी कराई गई है। नोटिस के बाद कुछ वाहन स्वामियों ने बकाया जमा भी किया है। इसके अलावा भी सभी बकाएदारों को नोटिस भेजी गई है।