मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के कृपालपुर निवासी सुनील कुमार की तहरीर पर एसपी के आदेश पर धोखाधड़ी मामले में पुलिस ने शुक्रवार की रात प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि ट्रक बेचने के बाद 6.50 लाख रुपये लिया और ट्रक भी नहीं दिया।
भरोसे में लेकर ट्रक चलवाने के लिए मांगा और लोन का पैसा चुकाने का लालच दिया था। अब हत्या कराने की धमकी दे रहा है। प्राथमिकी के अनुसार आजमगढ़ जिले के कंधरापुर थाना क्षेत्र के माधोपुर खोजापट्टी निवास विंद्रेस कुमार यादव उर्फ डबलू सुनील कुमार का परिचित है।
वर्ष 2019 में विंद्रेस ने उसके पिता के नाम लिया हुआ ट्रक उन्हें बेच दिया। इसके बदले में अलग अलग तिथियों में 6.50 लाख रुपये लिया। 20 जून 2019 से 23 जून 2019 तक छह बार में 2.50 लाख रुपये विंद्रेस के बैंक खाता में भेजा और चार लाख रुपये नगद दिया था।
इसके लिए उन्होंने फाइनेंस कंपनी से लोन लिया था। पूरा पैसा देने के बाद ट्रक सुनील के नाम से ट्रांसफर हो गया। विंद्रेस ने भरोसे में लेकर ट्रक चलवाने के लिए मांगा और लोन का पैसा खुद चुकाने की बात कही थी।
कुछ साल बाद फाइनेंस कंपनी से लोन जमा करने के लिए नोटिस आई तो धोखाधड़ी का पता चला। फोन करने पर विंद्रेस ने लोन जमा करने और ट्रक देने से इन्कार कर दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक केके वर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।