भूकंप से लोग अभी उबर ही नहीं पाए थे कि मंगलवार को आए आंधी-तूफान और बारिश ने सबको हिला कर रख दिया।
जिले में मंगलवार को आए तूफान और बरसात में जहां एक बारजा गिरने से महिला की मौत हो गई वहीं हलधरपुर थाना क्षेत्र के नसीराबाद खुर्द ग्राम पंचायत के चितनरायन पुरवे में एक व्यक्ति को भागते वक्त भैंस ने कुचल दिया जिसमें उसकी दर्दनाक मौत हाे गई।
विभिन्न स्थानों पर कटरैन एवं खपरैल गिरने से पांच लोग घायल हो गए। वज्रपात से भी दो जानवरों की मौत हो गई। प्रशासन दैवी आपदा का आकलन करने में जुट गया है।
रतनपुरा संवाददाता के अनुसार हलधरपुर थाना क्षेत्र के छिछोर ग्राम पंचायत के चिनारा पुरवे में मंगलवार को भयंकर आंधी और बारिश मेें शशिकांत चौहान का बारजा धराशायी हो गया।
इसमें शशिकांत चौहान की पत्नी धर्मशिला(28) गंभीर रूप से घायल गई और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। मौके पर तहसीलदार और थानाध्यक्ष भी पहुंचे। इसी क्रम में आंधी से अइलख गांव निवासी विनोद का कटरैन गिर गया।
इसकी चपेट में आने से उसकी पत्नी चंद्रमुखी घायल हो गई। नसीराबाद कला गांव निवासी तेजू राजभर का कच्चा मकान गिर गया। इसकी चपेट में आने से उसकी पत्नी सोनी देवी घायल हो गई।
कोपागंज थाना क्षेत्र के भांवरकोल गांव में नलकूप का कटरैन गिरने से तीरती देवी पत्नी कंगल राम घायल हो गई। घायल को अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया।
उधर कस्बा में दयाशंकर चौरसिया के अहाते की भी चहारदीवारी गिर गई। मधुबन संवाददाता के अनुसार मर्यादपुर गांव निवासी शमसुद्दीन के घर के समीप एक 50 साल पुराना पीपल का पेड़ गिर गया। नेवादा गोपालपुर में बिजेंद्र का नलकूप का कटरैन धराशायी हो गया।
इसमें दबकर दुबारी निवासी हरिश्चंद्र शर्मा एवं बिजेंद्र गुप्ता दोनों घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। बखरियां गांव में सुरेंद्र यादव का कटरैन गिर गया। दुबारी संवाददाता के अनुसार नेवादा गोपालपुर निवासी उमकेश तिवारी का दो मंजिला अर्धनिर्मित दीवार भहराकर गिर गई जब कि नीचे का मकान भी क्रैक हो गया।
परसिया जयरामगिरी निवासी बीरबल यादव की दो भैंस सिवान में चर रही थी। इसी बीच तूफान आने से बिजली गिरी जिसमें दो भैंसें मर गईं। उधर, रतनपुरा के हलधरपुर थाना क्षेत्र के नसीराबाद खुर्द ग्राम पंचायत के चितनरायन पुरवे में गुलाब राजभर पुत्र देवसी की आंधी तूफान में भागते समय भैंस के कुचलने से मौत हो गई।
बताया जाता है कि सिवान में यह भैंस चरा रहा था। आंधी में इसकी भैंस इधर उधर भागने लगी। भैंसों को वह खदेड़कर घर की ओर ले जाना चाहता था लेकिन इस प्रयास में भैंस ने उसे कुचल दिया इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आंधी तूफान शांत होने के बाद परिवार के सदस्यों को खोजने पर पशुपालक का शव मिला।
इसके शरीर पर कुचलने के निशान थे। परिवार के सदस्यों ने मृतक को घर लाया। उधर बिलौझा गांव में टीनशेड गिरने से राजीव पुत्र पारस गंभीर रूप से घायल हो गया।