मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र में चकजाफरी गांव में लूट की घटना के बाद जांच करती पुलिस।संवाद
करहां/मुहम्मदाबाद गोहना। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के चकजाफरी गांव में मंगलवार दोपहर एक बजे बाइक सवार तीन बदमाशों ने यूनियन बैंक की लघु शाखा संचालक को असलहा दिखाकर 49 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर तमंचा दिखाकर आराम से निकल गए। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। घटना को संदिग्ध बताया। पुलिस घटना के दौरान दुकान पर मौजूद युवक और केंद्र संचालक से पूछताछ कर रही है।
करहां जहानागंज रोड पर चकजाफ़री गांव निवासी अखिलेश कुमार यूनियन बैंक की लघु शाखा चलाता है। मंगलवार दोपहर एक बजे बाइक सवार तीन बदमाश पहुंचे। एक बदमाश बाहर खड़ा रहा जबकि दो अंदर जाकर असलहा दिखाते हुए कैश बॉक्स में रखे 49 हजार रुपए लूट लिए। संचालक के शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए आजमगढ़ के जहानागंज की तरफ बाइक निकल गए। बदमाशों के जाने पर अखिलेश ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर आ गए। सूचना पर जनपद मुख्यालय से अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार, क्षेत्राधिकारी शीतला प्रसाद पांडेय, कोतवाल केके वर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे घटना के संबंध में पूछताछ की। जांच के बाद पुलिस ने घटना को संदिग्ध बताया है।
कोट
संचालक ने बैंक से मंगलवार को 50 हजार रुपये निकाला था। एक हजार किसी धारक को पेमेंट किया था लेकिन जांच के दौरान उसके कैश बॉक्स से 18 हजार रुपए अतिरिक्त मिले हैं। इसके अलावा ग्राम प्रधान को भी 10 हजार का भुगतान किया है। कहा कि पुलिस घटना के हर पहलुओं की बारीकी से जांच की कर रही है। जांच के बाद आवश्यकतानुसार कार्रवाई की जाएगी।
केके वर्मा, कोतवाल
बाइक की नंबर प्लेट पर लगी थी मिट्टी
चकजाफरी में बैंक संचालक से लूट की घटना में इस्तेमाल बाइक के नंबर प्लेट पर मिट्टी लगाकर नंबर छुपाने का प्रयास किया गया था। इस बात का खुलासा वहां मौजूद कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने किया है। बताया कि लूट की घटना के बाद भाग रहे बदमाशों की बाइक का नंबर प्लेट पढ़ने का प्रयास किया तो उसे पर मिट्टी लगी थी। इससे साबित हो रहा है कि लूट करने वाले बदमाशों ने पूरी प्लानिंग के साथ घटना को अंजाम दिया है।