वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के बनियापार निवासी राजेश जायसवाल की तहरीर पर दुकान से नगदी चोरी के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार की शाम अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना 22 जुलाई की दोपहर तीन बजे की है, जो दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। दर्ज मुकदमे के अनुसार राजेश जायसवाल की गांव में ही मऊ-आजमगढ़ मार्ग पर टाइल्स की दुकान है। बीते 22 जुलाई की दोपहर तीन बजे वह किसी काम से दुकान से बाहर गए थे। दुकान उनका 5 वर्षीय भांजा ओम जायसवाल बैठा था।
तभी एक बाइक पर सवार दो युवक और एक महिला दुकान पर पहुंची, उनके साथ एक बालक भी था। उन्होंने पैसा छुट्टा कराने के बहाने भांजे से काउंटर खोलवाया और उसमें रखे 60 हजार रुपये नगदी लेकर वहां से भाग गए। ये पूरी घटना दुकान के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। लौटने पर शाम को आठ बजे उन्हें घटना की जानकारी मिली। कोतवाल कमलाकांत वर्मा ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।