सरायलखंसी थाना क्षेत्र के अमारी गांव में सोमवार की रात एक मकान में सेंध काटकर चोर नगदी सहित एक लाख से अधिक के जेवरात चुरा ले गए।
घटना की जानकारी मकान स्वामी को सुबह हुई। खाली बक्सा कुछ दूर पर स्थित एक अरहर के खेत में मिला। घटना की सूचना पाकर मौके पर पुलिस भी पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की।
सरायलखंसी थाना क्षेत्र के अमारी गांव निवासी मन्नू गोड़ पुत्र स्व. किरतू गोड़ गांव से कुछ हटकर अपना सिवान में मकान बनवा कर रहता है। सोमवार की रात वह अपने परिवार के साथ सोया हुआ था।
घर के कुछ सदस्य एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे जब कि मन्नू और उसकी पत्नी बरामदे में सोए हुए थे। रात में चोर आए और घर के पिछवाड़े से नींव के नीचे से सेंध काटकर एक कमरे में घुसे और घर का सभी सामान उठा ले गए।
घर में पांच हजार रूपया नगद, एक मंगलसूत्र, एक सोने की सिकड़ी, एक अंगूठी, दो गुल्ली सोने की, दो चांदी का सिक्का और साड़ी आदि उठा ले गए। घटना की जानकारी परिवार के सदस्यों को हुई तो उनके होश उड़ गए।
चोर नींव के अंदर से सेंध लगाकर सीधे कमरे में घुस गए और सभी सामान लेकर फरार हो गए थे। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लगा सकी। इस संबंध में पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।