सरायलखंसी थानाक्षेत्र के अलीनगर में रामलीला देखने गए एक युवक की प्रेम प्रपंच में शनिवार की रात उसके साथियों ने चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस ने युवती के भाई एवं मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर तीन के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया।
अलीनगर निवासी सुनील राजभर (20 ) पुत्र सुदामा राजभर मुंबई में काम करता था। वह 20 दिन पूर्व घर आया था। बताया जाता है कि उसका एक लड़की से प्रेम प्रपंच चल रहा था।
शनिवार की रात कुछ साथियों ने सुनील को फोन करके रामलीला देखने के लिए बुलाया। सुनील पहुंचा तो उसके साथी उसे कुछ दूर सुनसान स्थान पर ले गए। यहां किसी बात को लेकर सुनील से उनका विवाद हुआ।
इस पर साथियों ने चाकू से मारकर सुनील को मरणासन्न कर दिया। इसके बाद उसे मृत समझकर एक बसवार में छोड़कर फरार हो गए।
कुछ देर बाद सुनील के कराहने की आवाज रामलीला देखकर घर जा रहे लोगों को सुनाई दी। पहचान होने पर लोगों ने उसके घरवालों को सूचना दी। रात में ही उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। मरने से पूर्व सुनील ने अपने घरवालों को बता दिया कि उसकी हत्या उसके तीन साथियों ने की है।
सूचना पर पुलिस ने मुख्य आरोपी एवं युवती के भाई गांव के ही दीपक शर्मा को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अरुण कुुमार राय का कहना है कि मामला प्रेम प्रपंच से जुड़ा है। मुख्य आरोपी दीपक शर्मा को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया। उसके दो अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।