दोहरीघाट में तेज आंधी के बीच बाग में गिरा आम के फल।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। जिले में जहां मंगलवार को मौसम सुहाना रहा तो वहीं अमिला और घोसी में बारिश से मौसम और सुहाना हो गया। आंधी और बारिश से एक व्यक्ति के घर की दीवार गिर गई तो वहीं घरों के टिनशेड उड़ गए। कई छोटे पेड़ भी गिरे। उधर, सोमवार को आंधी बारिश के दौरान गिरे बिजली के पोल और तार ठीक न होने से बिजली की आपूर्ति दूसरे दिन भी बाधित रही। घोसी : नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार की शाम हल्की आंधी के बाद हुई बारिश से लोगो को गर्मी से निजात मिली। आंधी में कई छोटे पेड़ गिर गऐ। बस स्टेशन रोड पर सतीश आर्य के मकान की रेलिंग गिर गई। कस्बा बाजार रोड स्थित एक व्यक्ति के मकान की दीवार गिर पड़ी। लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। उधर, किसान इंदल चौहान, शेख हिसामुद्दीन, भोलेनाथ राजभर, रमेश विश्वकर्मा आदि ने बताया कि इस बरसात से धान के बेहन के साथ धान की रोपाई में लाभ मिलेगा। अमिला :शाम चार बजे हवा के तेज झोंको के साथ झमाझम बारिश हुई। जहां भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली तो वहीं तेज हवा से दिनेश, चन्द्रसेन पांडेय, रामानंद, परमेश्वर, सोनू गुप्ता, राकेश गुप्ता के सीमेंट शीट और टीन शेड हवा में उड़ गए।
उधर, सोमवार की शाम आई धूल भरी आंधी ने भारी तबाही मचाई। कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए। जिससे घंटों यातयात प्रभावित हुआ। जबकि कई स्थानों पर बिजली के पोल गिर गए, तार टूटने से घंटों बिजली बाधित रही। मंगलवार तक कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। मधुबन : विकास खंड फतेहपुर मंडाव के हबीबपुर नियामतपुर गांव में एक पेड़ टूटकर ट्रांसफार्मर पर आ गिरा ऐसे में दरगाह, दुबारी, मर्यादपुर, फतेहपुर, बीबीपुर जैसे कई गांव में बिजली के तार टूटकर गिरने से विद्युत सप्लाई बाधित हो गई है।
दोहरीघाट: आंधी से बगीचों में आम के फलों को काफी नुकसान हुआ। हालांकि गर्म मौसम से लोगों को निजात तो मिली लेकिन धूल के कारण दुश्वारियों भी हुईं। हलधरपुर: रतनपुरा ब्लाक क्षेत्र के बकुची डाडीडीह में तीन माह के अंदर बनी विद्यालय की नवनिर्मित चहारदीवारी सोमवार की शाम आई आंधी में भहराकर धराशाई हो गई। रानीपुर : सोमवार की शाम आई तेज आंधी के कारण रानीपुर विद्युत उपकेंद्र से संबंधित 50 गावों की विद्युत आपूर्ति बाधित रही। मंगलवार को फाल्ट ठीक होने पर 15 घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल हुई।
अमिला में शाम में हुई झमाझम बारिश।संवाद- फोटो : MAU