मधुबन। स्थानीय थाना क्षेत्र के दरगाह-अमिला मार्ग पर चकविलायत मोड़ के पास बुधवार की दोपहर स्कूल बस और ट्रेलर से टकरा गई। घटना में बस चालक और आठ छात्रों को मामूली चोट लगी। सूचना पर पहुंचे स्कूल के अन्य स्टाफ ने छात्रों को दूसरे वाहन से घर भिजवाया। टैगोर पब्लिक स्कूल मधुबन की बस छुट्टी होने पर करीब 30 छात्रों को लेकर घर छोड़ने निकली थी। दोपहर करीब 2:15 बजे चकविलायत मोड़ के पास बस पहुंची तभी अचानक सामने आ रहा ट्रेलर मोड़ पर घूम गया, बस का अगला हिस्सा ट्रेलर के पिछले हिस्से से टकरा गई।
टक्कर के बाद बस के अंदर अफरा तफरी मच गई। शोर सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों ने बच्चों को बाहर निकाला। दोनों चालक एक दूसरे को दोषी ठहरा रहे थे। शाम पांच बजे तक दोनों वाहन घटनास्थल पर ही खड़े रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार और मोड़ पर असावधानी इस घटना की मुख्य वजह रही। स्कूल के प्रबंधक विनय सिंह ने बताया कि वो बीते कई दिनों से जिले से बाहर हैं। घटना की सूचना मिली तो तत्काल स्कूल प्रबंधन को मौके भेजकर बच्चों को वाहन से सुरक्षित घर भिजवाया। थानाध्यक्ष राजीव सिंह ने बताया कि किसी ने भी घटना की सूचना नहीं दी है। स्कूल बस के दुर्घटनाग्रस्त होना उनके जीवन के साथ खिलवाड़ है। जांच कर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।