मऊ। स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर रविवार को नगरपालिका क्षेत्र का सर्वे करने के लिए क्यूसीआई टीम ने आधा दर्जन क्षेत्रों का दौरा कर सर्वे किया।टीम ने शौचालय, कचरा संग्रहण और साफ सफाई समेत विभिन्न बिंदुओं पर जांच की।
स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए दिल्ली की क्वालिटी कंट्रोल ऑफ इंडिया की टीम नगरपालिका और नगर पंचायत में स्वच्छता की समीक्षा कर रेटिंग तय कर रही है। इसी क्रम में मऊ नगरपालिका को 2024 स्वच्छता सर्वेक्षण के बाद कितने स्तर पर व्यवस्था में सुधार की गई हैं, इसकी समीक्षा के लिए छह सदस्यीय टीम इन दिनों मऊ शहर में है। पहले दिन रविवार को क्यूसीआई टीम ने नगरपलिका के मिर्जाहादीपुरा, अस्तुपुरा, डोमनपुरा, परदहां, ताजोपुर सहित आधा दर्जन से अधिक इलाकों में जाकर नगर पालिका की ओर से स्वच्छता कार्यों की समीक्षा की। सूत्रों की माने तो टीम मेंबर्स ने लोगों से वार्डों में साफ सफाई, कचरा संग्रहण, गीले और सूखे कचरे के संग्रहण के साथ वार्डों में शौचालय की स्थिति पर राय ली। टीम सर्वे के दौरान वार्ड का हाल देखा और आम लोगों से फीडबैक जाना। इन जगहों पर लोगों से स्वच्छता के संबंध में किए गए कार्यों सहित कई सवाल किए। नगरपालिका क्षेत्र में सर्वेक्षण कार्य पूरा होने के बाद नगर पंचायतों में काम शुरू होगा।
कोट
नगरपालिका क्षेत्र में क्यूसीआई टीम अपना स्वच्छता सर्वेक्षण कार्य शुरू कर दिया है।
दिनेश कुमार, अधिशासी अधिकारी,नगरपालिका