हलधरपुर। तीन जिलों को जोड़ने वाले पीपापुल को अगले तीन माह के लिए हटा दिया गया है। तमसा नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका से लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिकारियों ने हटवा दिया है। अब नदी पार करने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ेगा।
क्षेत्रीय लोगों की मांग पर बीते दो साल से रतनपुरा ब्लॉक के ठैचा गांव को गोदाम घाट पर पीपापुल लगाया जा रहा है। इससे मऊ, बलिया और गाजीपुर के सीमावर्ती गांव लोगों को आवागमन में राहत मिलती है। पुल नहीं होने से कोन्हिया गांव की भौगोलिक स्थिति के कारण सबसे अधिक परेशानी लोगों को होती है। आबादी उत्तर तरफ और खेती दक्षिण की तरफ है। लोक निर्माण विभाग प्रंतीय खंड के सहायक अभियंता सौरभ सिंह ने बताया कि तमसा नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण जून माह के अंतिम सप्ताह में पीपापुल हटाने का नियम है। अब अक्तूबर के दूसरे सप्ताह में लगाया जाएगा।