मधुबन थाना क्षेत्र के चन्द्रापार पर हवन स्थल पर पक्का हवन कुंड बनवाने की मांग को लेकर सड़क जाम करते श्रद्घालु।
मधुबन तहसील क्षेत्र के हसनपुर गांव में आयोजित लक्ष्मी नारायण पंचकुडी महायज्ञ के आयोजन में विघभन पड़ने से नाराज ग्रामीणों ने रविवार को चंदापार गांव के पास जाम लगा दिया। इस दौरान फतेहपुर -इब्राहिमपट्टी बलिया मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा। जाम की सूचना मिलने पर मौके पहुंचे अधिकारियों ने आश्वासन दिया। इस पर तीन घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।
बताते चले मधुबन तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा हसनपुर में बीते वर्ष की भांति इस वर्ष भी ग्रामीणों ने लक्षमी नारायण पंचकुड़ी महायज्ञ का आयोजन किया था। यज्ञ नौ मई से शुरू होकर 16 मई को समाप्त होना था।
इसकी तैयारियां चल ही रही थी, कि गांव के रूदल यादव, कैलाश यादव, जयराम यादव आदि ने एक प्रार्थना-पत्र उपजिलाधिकारी मधुबन को दिया। इसमें इन लोगों ने बताया कि जिस स्थान पर यज्ञ का आयोजन किया गया है। वह जमीन सरकारी है। साथ ही उस पर कब्जा करने का कुचक्र रचकर ऐसा किया जा रहा है। फिर क्या था, प्रशासन हरकत में आ गया।
इस क्रम में शनिवार की शाम एसडीएम के आदेश पर पुलिस मौके पर पहुंची, साथ ही हो रही तैयारी को रोकवा दी। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार की सुबह आठ बजे प्रधान हसनपुर गुलाब यादव के नेतृत्व में रास्ता जाम कर दिया। जाम करने वालों में महिला और पुरूष सभी शामिल थे।
जाम की सुचना मिलने पर एसडीएम मधुबन दयाशंकर पाठक और थानाध्यक्ष एसके मिश्र के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने मौका मुआयना कर ग्रामीणों को शर्तो पर यज्ञ कराने की अनुमति प्रदान की। इस तीन घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। उपजिलाधिकारी मधुबन दयाशंकर पाठक ने बताया कि यज्ञ स्थल पर कोई पक्का निर्माण नहीं किया जाएगा । ताकि जमीन पर और कब्जा न कर सके।