बढ़ती चोरियों को रोकने के लिए डीआईजी रेंज डॉ. उमेश चंद्र श्रीवास्तव ने कच्छा बनियानधारी गैंगों और बांवरिया गिरोहों की गतिविधियों पर बारीकी से ध्यान रखने के मातहतों को हिदायत दी है।
पुलिस लाइन में रविवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र डॉ. उमेश चंद्र श्रीवास्तव ने अपराध नियंत्रण को लेकर गोष्ठी की। इस दौरान उन्होंने कच्छा बनियान गिरोह से लेकर अपराध पर अंकुश लगाए जाने का सख्त निर्देश दिया।
निर्देश दिया कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में कच्छा बनियानधारी गैंगों और बांवरिया गिरोहों की गतिविधियों पर बारीकी से ध्यान रखें। संवेदनशील स्थानों और मोहल्लों- बाहरी कालोनियों अथवा मकानों आदि को चिह्नित कर पुलिस पिकेट गश्त की व्यवस्था सुनिश्चित करें। चिह्नित स्थानों में सुरक्षा की दृष्टि से ग्राम-मोहल्ला सुरक्षा समितियों तथा ग्राम प्रधान की मौजूदगी में गोष्ठी कर लें। उनसे सक्रिय सहयोग प्राप्त करें।
चिह्नित स्थानों में रहने वाले शस्त्र लाइसेंसधारियों, अवकाश प्राप्त सैनिकों-पुलिस पेंशनर्स का भी सुरक्षा की दृष्टि से सक्रिय सहयोग लें। साथ ही साथ सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी, बीट प्रभारी तथा बीट आरक्षी कोई भी छोटी से छोटी घटना होती है तो उस पर तुरंत एक्शन लें। अपने-अपने थाना क्षेत्रों में बैंको, प्रतिष्ठानों, बाजारों एवं भीड़-भाड़ स्थानों पर रोजाना व्यक्तियों, वाहनों की सक्रिय चेकिंग कराएं।
जिसमें नवयुवक व्यक्तियों की विषेशकर चेकिंग करायी जाय। संदिग्ध व्यक्तियों से सघन चेकिंग कर उनसे पूछताछ की जाय जिससे लूट एवं छिनैती की घटनाओं पर अंकुुश लगाया जा सके। कई घटनाओं के खुलासा ना होने पर उन्होंने थाना घोसी, हलधरपुर, कोतवाली एवं मुहम्मदाबाद के प्रभारियों का कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल अनावरण करने हेतु निर्देशित किया गया।