मऊ-मधुबन। जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के कटघरा महलू में बीते मंगलवार को बुजुर्ग बाबूराम राय की हत्या का खुलासा बृहस्पतिवार को पुलिस ने कर दिया। आरोपी मृतक का इकलौता बेटा था, जो कि शराब का आदी है। पिता के भविष्य में बेटे को संपत्ति से बेदखली का डर और संपत्ति खोने का डर से बेटे ने सोते समय अपने पिता की हत्या कर दी। हत्या में शामिल कुल्हाड़ी को पुलिस ने बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया।
सीओ मधुबन अभय सिंह ने बताया कि मधुबन थाना क्षेत्र के कटघरा महलू निवासी बाबूराम राय की हत्या सोमवार की रात को उसके बगीचे में सोते समय कर दी गई थी। इस मामले में मृतक के पौत्र प्रांजल की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के बाद दो टीमें इसकी जांच में जुटीं। हत्या की जांच के दौरान उसकी किसी से दुश्मनी न होने की जानकारी के बाद पुलिस ने संपत्ति विवाद के बिंदु पर अपनी जांच को केंद्रित किया। शक मृतक के बेटे अरविंद राय पर था। इस दौरान पुलिस को उसके शराब पीने और संपत्ति को लेकर विवाद की जानकारी भी मिली, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर जब पुलिस ने कड़ी पूछताछ की तो उसने हत्या को अंजाम देने की बात स्वीकार की। बताया कि बीते सोमवार रात हर रोज की तरह पिता बगीचे और खेत की रखवाली के लिए घर से दूर बगीचे में सोने चला गया था। जहां उसकी और दिवंगत पिता से संपत्ति को लेकर कहासुनी हुई। संपत्ति विवाद में मामला इतना बढ़ा कि उसने अपने पिता पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। बुजुर्ग होने के चलते मृतक अपने बेटे का विरोध न कर सका, जहां उसके बेटे ने गले में ताबड़तोड़ हमला करके उसकी जान ले ली। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर छुपाकर रखी कुल्हाड़ी भी जब्त करते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया।