मऊ। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए परिवहन निगम ने विशेष तैयारी शुरू कर दी है। बहनों को सुरक्षित और सुलभ यात्रा की सुविधा देने के लिए मऊ डिपो की सभी बसों का शत-प्रतिशत संचालन सुनिश्चित किया गया है। इसके लिए चालक और परिचालकों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं। पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए लोकल रूटों पर अतिरिक्त बसें चलाने की योजना तैयार की गई है।
मऊ डिपो में 71 बसों का बेड़ा है, इनमें 11 अनुबंधित और 60 परिवहन निगम की हैं। 71 बसों के लिए 127 परिचालक और निगम की बसों के संचालन के लिए 85 चालक तैनात हैं। इस साल 9 अगस्त को रक्षाबंधन और 16 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी है। पर्व के समय रोडवेज बसों में भीड़ अधिक होने से डिपो प्रशासन अभी से तैयारी में जुट गया है। मऊ डिपो की बसों का बलिया, गोरखपुर, लखनऊ, शाहगंज, बहराइच सहित 13 रूटों पर संचालन होता है। मऊ से मधुबन, बलिया, शाहगंज, रानीपुर चिरैयाकोट होते हुए बनारस, मझवारा से इब्राहिमपट्टी होते हुए बेल्थरारोड जैसे प्रमुख मार्गों पर बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी, जिससे किसी को भी आवागमन में परेशानी न हो। बीते वर्ष रक्षाबंधन पर मऊ डिपो की बसों से 8573 बहनों ने सफर किया था। उनके लिए करीब 9.90 लाख रुपये के निशुल्क टिकट जारी किए गए थे। इस साल भी रक्षाबंधन से पहले बसों को दुरुस्त करने का काम शुरू हो गया है।
रक्षाबंधन पर्व पर शत प्रतिशत बसें ऑन रोड रहेंगी। महिलाओं को कोई असुविधा न हो, इसके लिए सभी चालक व परिचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए जा रहे हैं। साथ ही डिपो से लोकल रूटों पर अतिरिक्त बसें चलाने की तैयारी है। स्थानीय मार्गों पर बसों के चक्कर बढ़ाए जाएंगे। - मनोज कुमार वाजपेयी, आरएम, आजमगढ़