मऊ। जिले के प्रभारी मंत्री और युवा एवं खेल कल्याण विभाग (स्वतंत्र प्रभार) मंत्री गिरीशचंद्र यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों तथा कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की गई। बैठक में प्रभारी मंत्री ने भू माफियाओ, अपराधियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया। साथ ही अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों से नियमित संवाद स्थापित कर समस्याओं का निराकरण करने का भी निर्देश दिया। विभाग वार समीक्षा के दौरान उन्होंने अतिरिक्त ऊर्जा विभाग के प्रभारी अधिकारी को नए आवासों पर सोलर पैनल लगाने और निर्धारित लक्ष्य के अलावा नए प्रस्ताव कर शासन से डिमांड कर इस दिशा में कार्य करने के निर्देश दिया। जबकि अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की ओर से दशमोत्तर छात्रवृत्ति में हार्ड कॉपी जमा न होने पर कुछ आवेदन निरस्त होने के कारण प्रभारी मंत्री ने संस्थाओं से नियमित संपर्क करने को कहा। ताकि ऐसी स्थिति न आए। इससे किसी भी छात्र को छात्रवृत्ति से वंचित होना पड़े। वहीं उन्होंने अधिशासी अधिकारियों को वसूली के नाम पर उत्पीड़न न करने को कहा, इसके अलावा एक ही नाम से दो कनेक्शन होने और दो बिल जारी होने पर तत्काल एक कनेक्शन समाप्त करने को निर्देश दिया। इस दौरान फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित शिकायतों का तत्काल निस्तारण करने के साथ किसान गोष्ठियों का आयोजन कर किसानों को जागरूक करने को कहा। वहीं भवन निर्माण कार्यों के पूर्ण होने पर 15 फरवरी तक हैंडओवर करने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने खराब हो चुके मेडिकल उपकरणों के निस्तारण के लिए जिला मुख्यालय में निस्तारण केंद्र की स्थापना के लिए शासन में प्रस्ताव भेजने के भी निर्देश सीएमओ को दिया। वहीं कानून समीक्षा के दौरान एसपी को भू माफिया के खिलाफ अभियान चलाने तथा अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में जिप अध्यक्ष मनोज राय, मधुबन विधायक रामविलास चौहान, डीएम प्रवीण मिश्र, एसपी इलमारन जी, सीडीओ प्रशांत नागर, एडीएम सत्यप्रिय सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
-
चाकूबाजी में घायल सुक्खू से मिले मंत्री, जाना कुशलक्षेम
घोसी। बीते नवंबर माह में घोसी में हुई चाकूबाजी में घायल सुक्खू राजभर का हाल चाल जानने के लिए प्रभारी मंत्री गिरिशचंद्र यादव उसके घर पहुंचे। जहां स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पीड़ित परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाएं दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। मौके पर उपस्थित लोगों ने जिला प्रभारी मंत्री से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। जिला प्रभारी मंत्री ने जनता को आश्वासन दिया कि सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान क्षेत्रीय महामंत्री गोरखपुर क्षेत्र सुनील कुमार गुप्ता, जिलाध्यक्ष नुपूर अग्रवाल सहित अन्य मौजूद रहे।
प्रभावती के घर भी प्रभारी मंत्री, लाला राजभर को दिया दिलासा
प्रयागराज में मौनी अमावस्या पर हुए हादसे में मृतका प्रभावती देवी के घर फतेहपुर ताल नरजा प्रभारी मंत्री, डीएम प्रवीण मिश्रा, एसपी इलामारन जी सहित अन्य अधिकारियों के सााथ पहुंचे। मृतका के पति लाला राजभर और परिजनों को ढांढस बंधाया। साथ ही हर तरह की मदद का आश्वासन दिया।