रानीपुर में अपराध का ग्राफ कम होता नहीं दिख रहा है। मंगलवार की सुबह दस बजे रानीपुर थाना क्षेत्र के सादीपुर के पास आजमगढ़ की तरफ जा रहे बाइक सवार दंपती को दो बाइक सवार चार बदमाशों ने ओवरटेक किया। बाइक रोकने पर दंपती से नगदी छीने और मौके से फरार हो गए।
इससे पहले बीते 26 जून को भी स्थानीय क्षेत्र के ब्राह्मणटोला पोखरा के पास दंपती से दो बाइक पर आए ही चार बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया था। तीन दिन के भीतर दूसरी छिनैती की घटना से पुलिस महकमा में हड़कंप की स्थिति बनी है। वहीं घटना के बाद पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
गाजीपुर जिले के कासिमाबाद थाना क्षेत्र के मुहम्मदपुर कुसुम गांव निवासी अच्छन हुसैन अपनी पत्नी हसीन फातिमा को लेकर बाइक से आजमगढ़ अपने रिश्तेदार के यहां जा रहे थे। अभी वह रानीपुर थाना क्षेत्र के सादीपुर गांव के पास पहुंचा था, इसी बीच एक बाइक सवार दो युवकों ने ओवरटेक कर उसे रोक लिया। अच्छन कुछ समझ पाता जब तक दूसरे बाइक से आए दो बदमाशों ने उसके सिर पर असलहा सटा दिया और उसकी पत्नी के पास रखा सात हजार रुपये नकदी और उसका स्मार्ट मोबाइल फोन के अलावा दो छोटे मोबाइल और कान का झुमका छीन कर फरार हो गए।
घटना से सहमे दंपती ने दूसरे राहगीरों की मदद से इस घटना की सूचना पुलिस को दी। छिनैती की घटना की जानकारी मिलते ही सीओ मोहम्दाबाद राजकुमार सिंह थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार घटना स्थल पर पहुंचकर पीड़ित से घटना की जानकारी ली। घटना को लेकर पीड़ित ने अज्ञात चार लोगों को आरोपित करते हुए तहरीर दी। इस बाबत सीओ राजकुमार सिंह ने पीड़ित के तहरीर पर दो बाइक सवार चार बदमाशों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।