सांसद हरिनारायण राजभर जिले में बीएसएनएल का नेटवर्क फेल होने के मामले को संचार मंत्री मनोज सिन्हा के समक्ष उठाएंगे। उन्होंने कहा कि विभाग के लोग तेल बेच देते है, जिससे बीटीएस को चलाने के लिए लगा जनरेटर नहीं चल पाता है और नेटवर्क फेल रहता है। वे अमर उजाला में बुधवार को ‘ध्वस्त है बीएसएनएल का नेटवर्क’ शीर्षक से छपी खबर का संज्ञान लेने के बाद गाजीपुर तिराहा स्थित बीटीएस का निरीक्षण करने के लिए पहुुंचे थे। किंतु विभाग के एसडीओ ने बहाना बनाकर उन्हें स्विच रूम का निरीक्षण नहीं कराया। इसके बाद उन्होंने यह बात अमर उजाला संग साझा की।
सांसद के अनुसार वे वहां पहुंचे तो एसडीओ तरह-तरह के बहाने बनाने लगे। बाद में स्विच रूम की चाभी गुम हो जाने की बात कह कर उन्हें निरीक्षण नहीं कराया। सांसद ने कहा कि अमर उजाला की खबर एकदम सही है। जनता की ओर से भी लगातार नेटवर्क खराब होने की शिकायतें मिल रही थी। आरोप लगाया कि विभाग के लोग तेल बेच देते हैं, इसकी वजह से बीटीएस को चलाने के लिए लगा जनरेटर नहीं चलता है। सांसद ने कहा कि वे संचार मंत्री को इस बाबत अवगत कराएंगे।