शारदीय नवरात्र का उल्लास कस्बे में अभी से दिखने लगा है। बाबा मेलाराम मंदिर परिसर में करीब 50 फीट ऊंचा दुर्गा पूजा पंडाल तैयार किया जा रहा है। अपनी विशालता और आकर्षक बनावट के कारण पंडाल लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
इसे भव्य स्वरूप देने के लिए स्थानीय युवा दिन-रात जुटे हैं। निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंचने के साथ ही श्रद्धालुओं में मां दुर्गा के दर्शन और पंडाल की भव्यता देखने को लेकर उत्सुकता बढ़ने लगी है। बाबा मेलाराम मंदिर परिसर का क्षेत्र में विशेष धार्मिक महत्व है।
यहां हर वर्ष दुर्गा पूजा के दौरान मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं। प्रतिमा स्थापना के साथ ही पूजन-अर्चन का सिलसिला शुरू होगा, जो नौ दिनों तक चलेगा। हर साल आकर्षक पंडाल बनाए जाते हैं, लेकिन इस बार करीब 50 फीट ऊंचे पंडाल की भव्यता विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
पंडाल की संरचना और सजावट को आकर्षक बनाने में आयोजन समिति के कार्यकर्ता जुटे हैं। मंदिर के संरक्षक एवं महंत मेलाराम की देखरेख में निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
तैयारियों के चलते मंदिर परिसर में चहल-पहल बढ़ गई है। अब लोगों को पंडाल के अंतिम स्वरूप और मां दुर्गा की प्रतिमाओं की स्थापना का इंतजार है।