वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के वलीदपुर नगर पंचायत के खिरिया मुहल्ले में मंगलवार शाम दो थानों की पुलिस देख लोग दंग रह गए। मामला प्रेमी प्रेमिका से जुड़ा था। युवती के परिजनों ने बताया कि बेटी को युवक भगा ले गया था, लेकिन पुलिस ने पहुंचकर पूछताछ की तो मामला कुछ और निकला।
प्रेमी युगल ने बताया कि वह पहले ही मंदिर में शादी कर चुके थे, इसे परिवार के लोग मंजूरी नहीं दे रहे थे। इससे आहत युवती खुद ही प्रेमी पति के घर आकर रहने लगी थी। शादी का सबूत देखने पर पुलिस ने दोनों को साथ रहने की अनुमति दी। वलीदपुर खिरिया मुहल्ला निवासी शुभम चौरसिया का घोसी कोतवाली के एक गांव निवासी युवती से प्रेम प्रसंग चलता था। कुछ दिन पहले दोनों ने शादी कर परिजनों को जानकारी दी। इसके बावजूद युवती अपने घर रहती थी। शुभम पत्नी का पूरा खर्च वहन करता रहा। एक सप्ताह पहले पत्नी की विदाई कराने शुभम ससुराल पहुंचा। पत्नी के परिजन साथ जाने से मना कर दिए। लेकिन घरवालों का विरोध कर पत्नी पीछे से शुभम के घर पहुंच गई। पत्नी के पिता ने घोसी कोतवाली में शुभम के खिलाफ तहरीर दी। मंगलवार की शाम घोसी कोतवाली की पुलिस मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली पहुंची। फोन करके दोनों को कोतवाली बुलाया गया। पूछताछ में दोनों ने शादी करने का सबूत दिखाया, जिसपर पुलिस ने साथ रहने की अनुमति दी। कोतवाल केके वर्मा ने बताया कि युवक युवती शादी कर चुके थे। साबूत होने के साथ दोनों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई, साथ रहने की अनुमति दी गई है।