यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों को कॅरिअर को लेकर समस्या नहीं होगी। उनकी आगे की राह आसान होने जा रही है। छात्रों की उम्मीदों और सपनों को साकार करने के लिए शिक्षा विभाग ने उम्मीद पोर्टल की शुरुआत की है।
इसके माध्यम से विद्यार्थियों को कॅरिअर, कोर्स, रोजगार और मार्गदर्शन से जुड़ी विस्तृत जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर मिल जाएगी। जिले के 17 राजकीय, 67 सहायता प्राप्त और 436 माध्यमिक विद्यालयों से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के करीब 70,602 विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है।
इन्हें बेहतर कॅरिअर चुनने से जुड़ी जानकारी मुहैया कराने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने उम्मीद पोर्टल शुरू किया है। पोर्टल पर विज्ञान, वाणिज्य, कला, इंजीनियरिंग, विधि और गणित सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े 555 से अधिक कॅरिअर विकल्पों की जानकारी उपलब्ध है।
इसमें पाठ्यक्रमों की प्रकृति, संभावनाएं, आवश्यक विषय और संबंधित शिक्षण संस्थानों का पूरा विवरण भी शामिल है। इसके माध्यम से छात्रों को विशेषज्ञों से काउंसिलिंग की सुविधा भी मिलेगी, जिससे वे अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार सही निर्णय ले सकेंगे।
विद्यार्थियों को इस पोर्टल के प्रति जागरूक बनाने के लिए विद्यालय स्तर पर कॅरिअर क्लब भी गठित किए जाएंगे। इसके माध्यम से समय-समय पर मार्गदर्शन सत्र का आयोजन भी होगा।
इसके अलावा, रोजगार मेलों के माध्यम से छात्रों को पढ़ाई के साथ ही अपने भविष्य की बेहतर योजना बनाने का मौका भी मिलेगा। अधिकारियों के अनुसार, विभागीय पहल छात्र-छात्राओं को जागरूक बनाने के साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर और कॅरिअर चयन की दिशा में सशक्त बनाएगी।
इस पोर्टल का इस्तेमाल कर विद्यार्थी घर बैठे ही अपने भविष्य की रूपरेखा तैयार कर प्रतिस्पर्धा के इस दौर में खुद को बेहतर तरीके से तैयार कर पाएंगे।
इस बाबत जिला समन्वयक समग्र शिक्षा माध्यमिक सीपी श्रीवास्तव का कहना है कि विभाग की पहल छात्र-छात्राओं को जागरूक बनाने के साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर और कॅरिअर चयन की दिशा में सशक्त बनाएगी। शासन की मंशा को अमलीजामा पहनाने के लिए जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।