संवाद न्यूज एजेंसी
मऊ। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बुधवार को जिले में विशेष जांच अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों में मिलावट और पैकेजिंग संबंधी अनियमितताओं के खिलाफ कार्रवाई की।
अभियान के दौरान 2,351 किलोग्राम चक्की आटा सीज किया गया, जबकि विभिन्न खाद्य पदार्थों के सात नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए। सभी नमूनों को प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय मंजूषा सिंह के निर्देशन में खाद्य सचल दल ने जिले की फ्लोर मिलों और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि इंडस्ट्रियल एरिया ताजोपुर स्थित ओम शांति फूड प्रोडक्ट्स में राजभोग ब्रांड के चक्की आटा पैकेटों पर अग्रिम निर्माण तिथि अंकित मिली।
इसके अलावा पैकेजिंग और लेबलिंग में भी अनियमितताएं पाई गईं। विभाग ने यहां से चक्की आटा के दो नमूने लिए और लगभग 94,040 रुपये मूल्य का 2,351 किलोग्राम आटा मौके पर ही सीज कर दिया।
अभियान के दौरान कसारा मोड़, कोपागंज स्थित रिद्धि-सिद्धि प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस जारी किया गया। वहीं गालिबपुर भीटी स्थित एक प्रतिष्ठान से अमृत सुपर पफ ब्रांड वनस्पति का नमूना लिया गया।
मधुबन स्थित मद्धेशिया स्वीट्स से गुलाब जामुन और मीठा खोया के नमूने एकत्र किए गए तथा प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा भगवती सिनेमा हॉल के निकट स्थित रुद्रांश स्वीट्स से बताशा और बेसन के लड्डू के नमूने लेकर संबंधित प्रतिष्ठान को भी सुधार नोटिस दिया गया।
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।