मऊ। नगर पालिका क्षेत्र में रेलवे के चौड़ीकरण में बनी सड़की की गुणवत्ता में आखिर कमी मिल ही गई। नगर पालिका ने अपने स्तर से अभियंता से जांच कराई तो मामला खुला। अब उसने रेलवे को पत्र भेजा है और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उधर, अमर उजाला में ‘गिट्टियों ने छोड़ा तारकोल का साथ’ शीर्षक से खबर शुक्रवार को छपी तो यह सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी। जिस पर चर्चा होती रही।
नगर को काफी समय के बाद सईदी रोड के चौड़ीकरण कार्य पूरा होने की सौगात मिली थी। इसका लोकार्पण 26 जून को किया गया। बुधवार को झमाझम बारिश के बाद सड़क जगह जगह से उधड़ गई। मालूम हो कि नगर पालिका द्वारा रेलवे को लगभग 1.34 करोड़ रुपये का भुगतान कर चार मीटर रेलवे परिसर की जमीन ली गई है। जिसे कुछ दिनों पहले पिच कराया गया था। उधर लोकार्पण के चार दिन बाद ही बारिश से यह कई जगहों से क्षतिग्रस्त हो गई। अमर उजाला ने एक जुलाई के अंक में इसे ‘गिट्टियों ने छोड़ा तारकोल का साथ’ शीर्षक से प्रकाशित किया गया। इसको संज्ञान में लेकर पालिका ईओ दिनेश कुमार ने शुक्रवार को मामले की जांच अवर अभियंता सीपी दुबे से कराई तो गुणवत्ता में खामियां मिली। जेई के रिपोर्ट ेने के बाद नगर पालिका ने सड़क मरम्मत का कार्य कराने वाले ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर रेलवे के पदाधिकारियों को पत्र भेजा। अधिकाशी अधिकारी दिनेश सिंह ने बताया कि जांच के दौरान खामियां मिली है। रेलवे अधिकारियों को पत्र भेजा गया है। उधर, पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी के डीआरएम कार्यालय के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि अभी नगर पालिका का पत्र नहीं मिला है। मामले की जांच करायी जाएगी।