इंदारा गाँव के मनकही पुरवा में गिरा कच्चा मकान। अमर उजाला
- फोटो : MAU
इंदारा (मऊ)। बरसात में सिमसिमाए मकानों के गिरने का सिलसिला बारिश बंद होने पर भी जारी है। कोपागंज ब्लाक के मनकही पुरवा में सोमवार की रात को बरसात न होने पर भी गांव निवासी जयराम राजभर पुत्र राजेंद्र राजभर का कच्चा मकान अचानक भरभरा कर ढह गया। यह तो गनीमत थी कि घटना के समय मकान के अंदर कोई नहीं था, लेकिन अंदर मौजूद सामानों के साथ चारा मशीन, राशन आदि नष्ट हो गया। पीड़ित की मांने तो घटना में करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
कोपागंज थाना क्षेत्र के मनकही पुरवा गांव निवासी जयराम राजभर सोमवार की रात पत्नी और दो बच्चों के साथ बाहर था, तभी उसका जर्जर हो चुका कच्चा मकान भरभराकर ढह गया। मकान ढहने से जयराम राजभर के समक्ष रहने की समस्या उत्पन्न हो गई है। पीड़ित ने बताया कि वह प्रधानमंत्री आवास योजना के मकान पाने के लिए आवेदन किया। इसके बाद संबंधित से अनुरोध भी किया। इसके बाद भी उसे आज तक मकान का लाभ नहीं दिया जा सका। पीड़ित की आर्थिक स्थिति भी ऐसी नहीं है कि वह तत्काल मकान बना सकें या फिर मंडई डाल कर परिवार के साथ गुजर बसर कर सकें। पीड़ित ने गांव के प्रधान और जिला प्रशासन से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अविलंब आवास उपलब्ध कराने की मांग किया है।