चौरी-चौरा से बनारस तक 17 जनवरी से 17 फरवरी तक निकाली जा रही ‘मनरेगा बचाओ यात्रा’ का सोमवार को मधुबन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। यह यात्रा मनरेगा में किए गए मजदूर-विरोधी बदलावों तथा नए वीबी जी राम जी कानून के विरोध में निकाली जा रही है।
गांधीवादी युवाओं के नेतृत्व में निकली यह यात्रा 02 फरवरी को कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर बनियाबान मोड़ तक पहुंची। इस दौरान कांग्रेस जिला कोषाध्यक्ष हरिश्चन्द्र यादव के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक तथा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शहीदों को नमन किया।
वक्ताओं ने कहा कि मनरेगा योजना ने ग्रामीण मजदूरों को न केवल 100 दिनों का रोजगार दिया, बल्कि उन्हें उचित मजदूरी और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार भी दिलाया। कोरोना महामारी के समय यही योजना गरीब मजदूरों के लिए संजीवनी साबित हुई थी।
कांग्रेस जिला कोषाध्यक्ष हरिश्चन्द्र यादव ने कहा कि मनरेगा को कमजोर करना ग्रामीण भारत के करोड़ों परिवारों की आजीविका पर सीधा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि नया कानून पूंजीपतियों को सस्ता श्रम उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लाया गया है।