कोपागंज थाना क्षेत्र के मुहम्मदपुर बाबुपुर गांव के बनस्पति पुरवा निवासी रामप्रसाद राजभर उर्फ बबलू राजभर (22) पुत्र स्वर्गीय रामबचन राजभर की बरात जाते समय कार पलटने से मौत हो गई। हादसा बलिया के पहाड़पुर गांव के पास हुआ।
कार में सवार विकास गुप्ता, प्रशांत प्रजापति, दिलीप और प्रिंस राजभर भी घायल हो गए। सभी घायलों को मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सक ने रामप्रसाद को मृत घोषित कर दिया। अन्य सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया।
थाना क्षेत्र के कटवांस गांव निवासी मुन्ना राजभर के बेटे दिलीप राजभर की बरात बृहस्पतिवार की शाम बलिया जिले के इब्राहिमपट्टी स्थित देवघरिया गांव निवासी रविंद्र राजभर के घर गई थी, जहां घरातियों ने बरातियों का स्वागत-सत्कार किया।
उसी बारात में शामिल होने के लिए कार से पांच दोस्त गए थे। कार प्रशांत प्रजापति चला रहा था। पांचों दोस्त बृहस्पतिवार की रात करीब नौ बजे बलिया के इब्राहिमपट्टी के खूटा बहोरवा के पास नहर मार्ग पर पहाड़पुर गांव के पास पहुंचे।
जैसे ही कार मोड़ पर पहुंची, वह अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें सभी पांचों दोस्त घायल हो गए। इनमें गंभीर रूप से घायल रामप्रसाद राजभर उर्फ बबलू कार में दब गए थे।
आनन-फानन में लोगों ने सभी को मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां विकास, प्रशांत, प्रिंस और दिलीप को हल्की चोटें आई थीं, जिन्हें उपचार के बाद छोड़ दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल रामप्रसाद की मौत हो गई।
बबलू अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था, जो गाड़ी चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक के पिता की भी दो वर्ष पहले मार्ग दुर्घटना में मौत हो चुकी है।
मृतक के तीन भाई प्रदीप, प्रिंस और अंकित छोटे हैं। चार भाइयों में रामप्रसाद सबसे बड़ा था। पूनम और नीलम दो बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि प्रियंका राजभर की शादी अभी होनी है। मां हेवन्ती, भाई और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस बाबत कोपागंज थानाध्यक्ष रविंद्र नाथ राय ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।